अपने ख्वाबो को पूरा करने के लिए तुम्हे अपने दिल को जिद्दी बनाना होगा, क्योकि केवल ख्वाबो के पीछे भागने से कोई ख्वाब पूरे नहीं होते,जब तक तुम उस ख्वाब को हकीकत बनाने का दिल से प्रयास नहीं करते।
(toc) #title=(Table Of Content)
तुम जन्म ले कर इस दुनिया में आए, अपना जीवन गुजार कर समय के पश्चात अपनी आयु अवधि पूर्ण कर मृत्यु को प्राप्त हो गए। मगर तुमने जो जीवन पाया है, उस जीवन के महत्व को यदि तुम नहीं समझ पाए तो मान लेना तुम एक कीमती अवसर को गवा बैठे। चाहे जीवन कितने भी दिन का हो मगर अपने समय की कद्र कर जो मनुष्य अपने जीवन के मूल कर्तव्यों को समझता है और उसका पालन करता है, वो मनुष्य कभी किसी भी मोड़ पर हार नहीं मान सकता।
आज मैं उनकी बात करने जा रही हूँ जो आप सबकी तरह ही एक साधारण मनुष्य हो कर अपने कठिन परिश्रम और कर्मो के द्वारा अपना नाम इतिहास के पन्नो पर दाखिल कर गए और सदा के लिए अमर हो गए जिन्हे मरने के बाद भी लोग याद करना नहीं भूलते उनकी स्मृतियों को लोग आज भी जिन्दा रखते है। ये उस व्यक्ति की खासियत ही है जो मर कर भी सबके दिलो में अपना स्थान बना कर गया।
1. कौन रच सकता है इतिहास ?
बहुत जिद्दी बनना पड़ता है अपने ख्वाबों को हकीकत में तब्दील करने के लिए, जो हिम्मत नहीं हारता,जो भयभीत नहीं होता, जो किसी का बुरा नहीं सोचता, ऐसा ही व्यक्ति इतिहास रचता है।
अपने ख्वाबों को यदि तुम्हे सच करना है,तो उसके लिए तुम्हे गहरी नींद से जागना होगा,केवल सोते हुए ख्वाब देखने से कोई ख्वाब सच नहीं होता। जब तक तुम प्रयास नहीं करोगे, जब तक तुम जिद्दी नहीं बनोगे तुम्हारा कोई ख्वाब सच नहीं हो सकता।
अक्सर जिंदगी तुम्हारा इम्तिहान लेती है, जो तुम्हारे सबसे करीबी व्यक्ति होता है एक दिन वही तुम्हारे खिलाफ खड़ा हो जाता है,वो करीबी इंसान तुम्हारे अपने माता-पिता भी हो सकते है, भाई-बहन भी हो सकते है, तब तुम्हे ऐसा लगने लगता है कि मैं अपने ख्वाब को पूरा करू या अपने करीबी रिश्तो को संभालु ?
मगर तुम्हे पीछे नहीं हटना है, क्योकि ये तुम्हारी मंजिल की पहली सीढ़ी है,जिस सीढ़ी पे कदम रखने के लिए तुम्हे स्वयं आगे बढ़ना है,और पीछे मुड़ कर नहीं देखना है, क्योकि आज जो लोग तुम्हारे खिलाफ खड़े है,कल वही लोग तुम्हारे साथ खड़े मिलेंगे,तुम्हारे नाम की मिशाल देते मिलेंगे, तुम्हारे ऊपर फक्र करते मिलेंगे।
माता-पिता किसी के बुरे नहीं होते ना ही कोई भी अपनी संतान का बुरा चाह सकता है, कभी परिस्थिति या हालात हमारे अनुकूल नहीं होती तो लोग ना चाह कर भी अपनों से दुरी बना लेते है, मगर अपने जीवन में एक बात अवश्य याद रखना भूल कर भी तुम अपने माता-पिता के लिए बुरा नहीं सोचना ना ही उनका अपमान करना। तो क्या हुआ आज तुम्हारे माता-पिता ने तुम्हारा साथ नहीं दिया ? तो क्या हुआ यदि आज तुम्हारे ख्वाबों को अपनों ने ही ठुकरा दिया ? तो क्या हुआ जो आज किसी ने तुम्हारा विश्वास नहीं किया ?
2.किसका नाम इतिहास में दर्ज होता है ?
जो भी विश्व प्रसिद्ध महान पुरुष हुए है, जिनकी ख्याति और नाम आज इतिहास में दर्ज है, अपने जीवन के शुरुआत में उन्होंने भी बहुत संघर्ष किया था, कभी अपनों को खोया, कभी कई दिन भूखे प्यासे रह कर, अपनी नींद सुकून गवा कर पूरी रात जाग कर अपने कठिन प्रयासों से अपने ख्वाबों को सच कर दिखाया। जब वो कर सकते है तो तुम क्यों नहीं कर सकते ? यदि तुम आज जागोगे तो तमाम उम्र सुकून और चैन की नींद सो सकोगे, यदि तुम आज परिश्रम से पीछे नहीं हटोगे तो पूरी जिंदगी आराम से मान सम्मान के साथ जी सकोगे। अब फैसला तुम्हे करना है, तुम्हे क्या करना है ? और क्या नहीं ? ये फैसला तुम्हारे हाथ में है।
एक बात हमेशा याद रखना ख्वाब तुम्हारे है,तो उन्हें एकमात्र तुम सच कर सकते हो कोई और नहीं कर सकता, जिंदगी तुम्हारी है इससे बेहतर तुम बना सकते हो कोई और नहीं बना सकता। क्योकि जिंदगी एक बार मिलती है,बार-बार नहीं।
3. ऐसी सोच जो तुम्हें कभी हारने नहीं देगा।
जब भी तुम उदास या हताश महसूस करो तो एक बात अपने दिमाग में अवश्य लाना कि मुझे जो ये जिंदगी मिली है, यदि मैं उसे सही तरीके से इस्तेमाल नहीं करुंगा तो मेरी ये जिंदगी बर्बाद हो जाएगी, फिर मुझे ना ही ये जिंदगी दोबारा मिलेगी और ना ही मौका दोबारा मिलेगा। यदि मैं दुसरो की बातो को सोचता रहा, उनके गलत फैसले को स्वीकार करता रहा तो बाद में यही लोग मेरा साथ छोड़ देंगे और ना सुनने योग्य अनगिनत बाते कहेगे।
कौन क्या कहता है,ये सोचना तुम्हारा काम नहीं,उनको अपना काम करने दो,तुम अपना काम करो,अपने जन्म के उदेश्य को पूरा करो,क्योकि जब तुम सफल हो जाओगे लोगो को तुम्हारे बिना कहे ही उनका जवाब मिल जाएगा और एक दिन सबका मुँह बंद हो जाएगा। ऐसी सोच उनकी होती है जो कुछ बड़ा करते है,लोगो की बातो को नजरअंदाज कर वही जीवन में आगे बढ़ जाते है।

